जलिस्को न्यू जेनरेशन कार्टेल (CJNG) के सरगना ‘एल मेंचो’ को सैन्य मुठभेड़ में मारे जाने के बाद जापोपन में दफनाया गया है। उसकी मौत के बाद भड़की कार्टेल हिंसा में 25 से अधिक सैनिकों की जान जा चुकी है।

दुनिया के सबसे खतरनाक और वांछित अपराधियों में से एक, नेमेसियो ओसेगेरा सर्वेंट्स, जिसे ‘एल मेंचो’ के नाम से जाना जाता था, का अंत हो गया है। 22 फरवरी 2026 को जलिस्को (Jalisco) राज्य के टपालपा (Tapalpa) में मेक्सिकन सेना और स्पेशल फोर्सेज के साथ हुई एक भीषण मुठभेड़ में वह मारा गया। 2 मार्च 2026 को उसे जापोपन (Zapopan) स्थित ‘रेसिंटो डे ला पाज़’ (Recinto de la Paz) कब्रिस्तान में बेहद कड़ी सुरक्षा और भारी सैन्य मौजूदगी के बीच दफनाया गया।

सोने का ताबूत और ‘लॉर्ड ऑफ द रूस्टर्स’ को अनोखी श्रद्धांजलि
‘एल मेंचो’ को जिस ताबूत में दफनाया गया, वह सोने (Golden Casket) का बताया जा रहा है, जो कार्टेल की बेहिसाब दौलत को दर्शाता है। हालांकि, कुछ दावों के मुताबिक यह करीब 40,000 अमेरिकी डॉलर (लगभग 33 लाख रुपये) का ‘बेट्सविले प्रोमेथियन’ ब्रॉन्ज ताबूत था।
अंतिम संस्कार के दौरान कब्रिस्तान में कई बड़े फूलों के गुलदस्ते लाए गए थे, जिनमें से कुछ को मुर्गे (Rooster) के आकार में सजाया गया था। दरअसल, ‘एल मेंचो’ को मुर्गों की लड़ाई का बहुत शौक था, और यही कारण था कि अपराध की दुनिया में उसे इस प्रतीक से जोड़ा जाता था।

पहचान छुपाते दिखे कार्टेल समर्थक
कब्रिस्तान में कैमरों और सुरक्षाबलों की नजरों से बचने के लिए वहां मौजूद कई लोगों और कार्टेल समर्थकों ने मास्क पहनकर अपने चेहरे छुपा रखे थे। इस पूरी प्रक्रिया के दौरान सेना का कड़ा पहरा रहा ताकि किसी भी संभावित हिंसक प्रतिक्रिया को रोका जा सके।
मौत के बाद मेक्सिको में भड़की भीषण हिंसा
‘एल मेंचो’ के मारे जाने की खबर फैलते ही सीजेएनजी (CJNG) कार्टेल ने पूरे मेक्सिको में आतंक मचा दिया। कार्टेल के हथियारबंद गुर्गों ने जलिस्को और गुआडालाजारा जैसे इलाकों में कई गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया और प्रमुख सड़कों को ब्लॉक कर दिया। अमेरिका द्वारा फरवरी में ही ‘विदेशी आतंकी संगठन’ घोषित किए गए इस कार्टेल की जवाबी कार्रवाई में अब तक कम से कम 25 सैनिकों की जान जा चुकी है।
कौन था ‘एल मेंचो’?
नेमेसियो ओसेगेरा सर्वेंट्स मेक्सिको के सबसे शक्तिशाली और क्रूर ड्रग सिंडिकेट, जलिस्को न्यू जेनरेशन कार्टेल (CJNG) का नेता था। उसका कार्टेल अमेरिका में फेंटानिल (Fentanyl) जैसे घातक ड्रग्स की भारी तस्करी के लिए मुख्य रूप से जिम्मेदार है।