एक रूसी फोटोग्राफर ने जयपुर में एक हाथी को गुलाबी रंग से रंगवाकर उसके ऊपर गुलाबी रंग से रंगी एक महिला मॉडल को बैठाकर फोटोशूट किया। जैसे ही इस शूट की तस्वीरें और वीडियो इंटरनेट पर वायरल हुई, लोगों की मिलीजुली प्रतिक्रियाएं सामने आने लगीं। कुछ लोग इसे कला बता रहे हैं, तो वहीं कई लोग इसे जानवरों के साथ क्रूरता का उदाहरण मान रहे हैं। फोटोशूट के कुछ महीनों बाद ही “चंचल” नाम की हथनी की मौत की खबर सामने आई, जिसके बाद लोगों में आक्रोश और बढ़ गया। वन विभाग ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं।

आखिर क्यों चर्चा में आया यह फोटोशूट?
राजस्थान की राजधानी जयपुर, जिसे “पिंक सिटी” यानी गुलाबी शहर के नाम से भी जाना जाता है, इन दिनों इसी फोटोशूट को लेकर चर्चा का विषय बना हुआ है। एक विदेशी फोटोग्राफर द्वारा किए गए इस अनोखे शूट ने कला और पशु-अधिकारों को लेकर नई बहस छेड़ दी है।
आर्ट प्रोजेक्ट के लिए किया गया क्रिएटिव शूट
दरअसल रूस से आई प्रोफेशनल फोटोग्राफर जूलिया बुरुलेव ने अपने एक आर्ट प्रोजेक्ट के तहत जयपुर में फोटोशूट की योजना बनाई। उन्हें जयपुर की “पिंक सिटी” की पहचान इतनी पसंद आई कि उन्होंने इसी थीम पर एक खास शूट करने का विचार बनाया।
जूलिया ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि जब वह जयपुर घूम रही थीं, तब उन्हें यहां की संस्कृति और कला में हाथियों का व्यापक उपयोग देखने को मिला। इसके बाद उनके मन में विचार आया कि क्यों न एक हाथी के साथ फोटोशूट किया जाए, लेकिन एक साधारण हाथी नहीं, बल्कि गुलाबी रंग से रंगा हुआ हाथी, जिसके ऊपर गुलाबी रंग से रंगी एक मॉडल बैठी हो।

फोटोशूट के लिए मॉडल ढूंढना भी रहा चुनौतीपूर्ण
जूलिया ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा कि भारत जैसे अपेक्षाकृत रूढ़िवादी समाज में इस तरह के शूट के लिए मॉडल ढूंढना उनके लिए आसान नहीं था। उन्हें ऐसी मॉडल की तलाश थी जो इस कॉन्सेप्ट के अनुसार शूट के लिए तैयार हो सके।
उन्होंने बताया कि कई मॉडल्स को यह आइडिया पसंद आया, लेकिन वे शूट के लिए तैयार नहीं हुईं। बाद में उनकी मुलाकात यशस्वी नाम की मॉडल से हुई, जिन्होंने इस शूट के लिए सहमति दी।
हाथी ढूंढना भी आसान नहीं था
फोटोग्राफर के अनुसार इस फोटोशूट के लिए हाथी ढूंढना भी एक बड़ी चुनौती थी। उन्हें ऐसे हाथी की तलाश थी जिसका मालिक उसे गुलाबी रंग से रंगने की अनुमति दे सके और आवश्यक परमिट की व्यवस्था भी कर सके। काफी प्रयासों के बाद उन्हें शूट के लिए हथनी “चंचल” मिली।
फोटोशूट के बाद विवादों में घिरी रूसी फोटोग्राफर
जयपुर में हुए इस फोटोशूट की तस्वीरें और वीडियो जैसे ही सोशल मीडिया पर वायरल हुए, लोगों की प्रतिक्रियाएं सामने आने लगीं। कुछ लोगों ने इसे कला से जोड़ते हुए सही ठहराया, तो वहीं एक बड़ा वर्ग इसे जानवरों के साथ क्रूरता का उदाहरण बता रहा है।
कई लोगों ने इस मामले में फोटोग्राफर के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की है।

वृद्ध हथनी “चंचल” की हुई मौत
जिस हथनी का इस्तेमाल इस फोटोशूट में किया गया था, उसके मालिक के अनुसार उसकी उम्र लगभग 65 वर्ष थी और वह नियमित रूप से काम पर नहीं जाती थी। अब इस फोटोशूट के कुछ महीनों बाद हथनी “चंचल” की मृत्यु की खबर सामने आई है।
इस घटना के बाद लोगों में आक्रोश बढ़ गया है और कुछ लोग उसकी मौत को फोटोशूट के दौरान इस्तेमाल किए गए रंग से जोड़कर देख रहे हैं। हालांकि हथनी के मालिक का कहना है कि चंचल काफी वृद्ध हो चुकी थी और उसकी मृत्यु प्राकृतिक कारणों से हुई है।